विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित



  • ग्राम विकास अधिकारियों का किया गया संवेदीकरण

लखनऊ,  25 फरवरी 2021 - डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जापानी  इन्सेफेलाइटिस से बचाव के लिए विशेष संचारी रोग नियन्त्रण अभियान व दस्तक अभियान कार्यक्रम एक  मार्च से शुरू हो रहा है जो 31 मार्च तक चलेगा | अभियान को सफल बनाने के लिए गुरुवार को काकोरी विकास खंड में  खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) संजीव कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में सभी ग्राम विकास अधिकारियों का संवेदीकरण किया गया | उन्होंने बताया यह अभियान स्वास्थ्य विभाग सहित 12 विभागों के साथ मिलकर चलाया जायेगा | स्वास्थ्य विभाग को इस अभियान का नोडल  बनाया गया है | इसमें सभी विभागों की भूमिका अहम् है और यह अभियान तभी सफल होगा जब सभी विभाग मिलकर काम करेंगे |  बीडीओ ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी को आवश्यक निर्देश भी दिए |

इस  अवसर पर ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक (बीसीपीएम)  प्रद्युम्न कुमार मौर्या ने वहां पर उपस्थित सभी लोगों को कार्यक्रम की कार्ययोजना के बारे में विस्तार से बताया | प्रद्युम्न ने बताया इस अभियान में आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को मच्छरजनित रोगों से बचाव के बारे में जागरूक करेंगी | लोगों को अपने घर व उसके आस-पास झाड़ियाँ न रखने, पानी इकठ्ठा न करने के बारे में बतायेंगी | साफ़ पानी के महत्त्व के बारे में जागरूक करते हुए इंडिया मार्का -2 के पानी का प्रयोग करने के बारे में बतायेंगी | साथ ही बस्ती के पास  सुअर बाड़े न रखने के बारे में बतायेंगी | इस दौरान  फागिंग करायी जाएगी | यह सभी गतिविधियां सम्बंधित विभागों द्वारा सम्पादित की जाएँगी | बीसीपीएम ने बताया- इस बार दस्तक अभियान में पहली बार आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ घर - घर  जाकर बुखार के रोगियों, टीबी के रोगियों, कुपोषित बच्चों , दिमागी बुखार से दिव्यांग हुए व्यक्तियों  और जन्म और मृत्यु पंजीकरण से वंचित लोगों की सूची बनायेंगी |

इस मौके पर यूनीसेफ ब्लाक सचल समन्वयक(बीएमसी) सुनीता उपाध्याय,  मलेरिया निरीक्षक सीमा शुक्ला, स्वास्थ शिक्षा अधिकारी शशि भूषण भारती तथा सभी विभागों के प्रतिनिधियों द्वारा प्रतिभाग किया गया |