दस्तक अभियान की गतिविधियों के बारे में किया गया प्रशिक्षित



  • आशा कार्यकर्ताओं को सूचनाएँ जुटाने के दिए टिप्स

लखनऊ, 6 मार्च 2021 - काकोरी  सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर दस्तक अभियान के तहत शनिवार को दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ | कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ताओं को दस्तक अभियान के तहत होने वाली गतिविधियों के सम्बन्ध में प्रशिक्षित किया  गया | विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत 10 से 24 मार्च तक दस्तक पखवाडा आयोजित किया जायेगा |
इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक डा. पिनाक त्रिपाठी ने कहा - अभी तक दस्तक अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता बुखार के रोगियों की जानकारी जुटाती  थीं लेकिन इस बार उन्हें क्षय रोग के संभावित लक्षण वाले रोगियों की सूची, कोविड-19 के सम्भावित रोगियों की सूची, मानसिक व शारीरिक रूप से दिव्यांग लोगों की सूची, एक अप्रैल 2020 के बाद जन्म लेने वालों की सूची, परिवार में 1 अप्रैल 2020 के बाद यदि कोई मृत्यु हुयी है जिसका अभी मृत्यु पंजीकरण नहीं हुआ है तो उनकी सूची, फाइलेरिया से विकृत या दिव्यान्गता वालों की सूची, कुपोषित बच्चों की सूची और ऐसे लाभार्थी जिनका आयुष्मान कार्ड नहीं बना है उनकी भी सूची बनानी है |

स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी शशि भूषण ने कहा – आशा कार्यकर्ताओं को प्रतिदिन एक फॉर्मेट में उपरोक्त सारी जानकारियां भरनी हैं  जिन्हें वह एएनएम को उपलब्ध कराएंगी | एएनएम के माध्यम से यह सूचना प्रतिदिन ब्लाक मुख्यालय  पर उपलब्ध कराई जाएगी |

ब्लाक समुदाय प्रक्रिया प्रबंधक प्रद्युम्न  कुमार मौर्या ने प्रशिक्षण के दौरान कहा-  सूची बनाने के साथ लोगों को संचारी रोगों से बचाव के बारे में भी  जागरूक  करना है | उन्हें इस बात के लिए जागरूक करना है कि वह  घर के आस-पास मच्छरजनित परिस्थितियां जैसे पानी का जमाव न होने दें, झाड़ियों को काटते रहें,  घर के आस-पास सूअर बाड़े न रखें आदि | बुखार होने पर प्रशिक्षित चिकित्सक को ही दिखाएं |

प्रशिक्षण कार्यक्रम 6 बैच में  आयोजित किया गया जिसमें  165  आशा कार्यकर्ताओं ने  भाग लिया |