नई दिल्ली - भारतीय तटरक्षक बल ने अरब सागर के मध्य स्थित ईरानी फिशिंग नौका अल-ओवैस से गंभीर रूप से घायल मछुआरे को सफलतापूर्वक चिकित्सा सहायता प्रदान कर सुरक्षित बाहर निकाला। यह नौका कोच्चि से लगभग 1500 किलोमीटर पश्चिम में थी। बचाव अभियान तब शुरू हुआ जब समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी) मुंबई को एमआरसीसी चाबहार, ईरान से सूचना मिली कि नौका में चिकित्सा आपात स्थिति और इंजन खराबी है। नौका में चालक दल के पांच सदस्य थे और ईंधन ट्रांसफर के दौरान हुए विस्फोट में मास्टर अल्लाह बख्श गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
एमआरसीसी मुंबई ने तुरंत अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा नेटवर्क सक्रिय किया और तटरक्षक पोत सचेत को सहायता के लिए निर्देशित किया। इसके साथ ही पास से गुजर रहे व्यापारी जहाज़ एमटी एसटीआई ग्रेस को भी मदद के लिए मोड़ा गया। दोनों जहाजों ने समन्वित प्रयास कर घायल मछुआरे को सुरक्षित रूप से ट्रांसफर किया और प्राथमिक उपचार प्रदान किया।
मछुआरे की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, और पोत सचेत उसे आगे के इलाज के लिए गोवा की ओर ले जा रहा है।