दुबई विश्व व्यापार केंद्र में तीसरे अंतरराष्ट्रीय आयुष सम्मेलन एवं प्रदर्शनी 2026 का उद्घाटन



नई दिल्ली(अंतर्राष्ट्रीय डेस्क) - दुबई विश्व व्यापार केंद्र में आज तीसरे अंतरराष्ट्रीय आयुष सम्मेलन एवं प्रदर्शनी 2026 का उद्घाटन हुआ। तीन दिवसीय यह कार्यक्रम 17 फरवरी तक चलेगा। सम्मेलन का विषय - मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आयुर्वेद, योग, और अन्य पारंपरिक प्रणालियों के साक्ष्य-आधारित प्रमाणों को वैश्विक स्तर पर मान्यता दिलाने पर केंद्रित है। 

सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि भारत की पारंपरिक ज्ञान प्रणालियाँ अब वैश्विक स्वास्थ्य चर्चाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि आयुष प्रणालियाँ शरीर, मन और पर्यावरण के बीच संतुलन पर आधारित समग्र तथा प्रमाण-आधारित समाधान प्रदान करती हैं।

इस कार्यक्रम में आयुष क्षेत्र से जुड़े 120 से अधिक प्रदर्शक भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में फिल्म महोत्सव, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। यह आयोजन विश्व स्वास्थ्य संगठन की पारंपरिक चिकित्सा संबंधी वैश्विक रणनीति के अनुरूप है।