'एक राष्ट्र, एक कृषि, एक टीम' की अवधारणा को मिले बढ़ावा: शिवराज सिंह चौहान



नई दिल्ली - केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजधानी में आयोजित दो दिवसीय 'रबी कॉन्फ्रेंस' के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस मौके पर उन्होंने “एक राष्ट्र, एक कृषि, एक टीम” की अवधारणा को आगे बढ़ाने की जरूरत पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि कृषि भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इसके सशक्तिकरण के लिए केंद्र व राज्य मिलकर काम कर रहे हैं।
 
कॉन्फ्रेंस में देशभर के कृषि अधिकारी और कई राज्यों के कृषि मंत्री मौजूद रहे। चर्चा के दौरान कुछ राज्यों में आई बाढ़ और उससे हुई फसल क्षति पर भी विचार विमर्श किया गया।
 
केंद्रीय मंत्री ने जानकारी दी कि रबी सीज़न में भी खरीफ की तरह वैज्ञानिकों को किसानों के बीच भेजा जाएगा ताकि 'लैब टू लैंड' योजना के तहत किसानों को सीधे वैज्ञानिक मार्गदर्शन मिल सके। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि देश में बीज का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और राज्यों की मांग के अनुसार बीजों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
 
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को तकनीक, संसाधन और जानकारी से सशक्त बनाना है ताकि वे अधिक उत्पादन कर सकें और उनकी आय में वृद्धि हो।