नई दिल्ली(नेशनल डेस्क) - युमनाम खेमचंद सिंह मणिपुर के नए सीएम होंगे, उन्हें बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया है। मैतेई समुदाय से ताल्लुक रखने वाले युमनाम खेमचंद सिंह की पहचान ऐसे नेता की है, जिन्हें हर समुदाय का समर्थन हासिल है। यूमनाम सिंगजामेई विधानसभा सीट से विधायक हैं।
दिल्ली में हुई मणिपुर लेजिस्लेटिव पार्टी की बैठक में उनके नाम पर सर्वसम्मति से सहमति बनी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस फैसले को मणिपुर के मौजूदा राजनीतिक हालात के लिहाज़ से अहम माना जा रहा है। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, मणिपुर विधायक, पार्टी पर्यवेक्षक तरुण चुघ, संगठन महासचिव बीएल संतोष और पूर्वोत्तर प्रभारी संबित पात्रा शामिल हुए। मणिपुर की प्रदेश अध्यक्ष अधिकारी मयूम शारदा देवी भी मणिपुर विधायकों के साथ मौजूद रहीं।
बता दें कि 62 साल के युमनाम खेमचंद सिंह अब मणिपुर के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। वह इस नॉर्थ-ईस्ट राज्य में बीजेपी के दूसरे CM होंगे। बीजेपी विधायकों का एक ग्रुप दिल्ली पहुंचा और लंबी बातचीत के बाद विधायकों ने युमनाम खेमचंद सिंह को नेता चुना गया।