सरस्वती विद्या मंदिर उ. मा. विद्यालय पंचकुइयां में पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित



  • ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के तहत आयोजित प्रतियोगिता में 60 बच्चों ने लिया भाग
  • कार्तिक प्रथम, नंदिनी दूसरे व शिवम तीसरे स्थान पर रहे, दिव्यांशी को सांत्वना पुरस्कार

आगरा । सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पंचकुइयां में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम के तहत पोस्टर, रोल प्ले और क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गयी। डायरिया के प्रति जागरूकता के लिए आयोजित प्रतियोगिता में 60 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिसमें कक्षा-आठ के कार्तिक पहले, कक्षा-सात की नंदिनी दूसरे और कक्षा-आठ के शिवम तीसरे स्थान पर रहे। कक्षा-पांच की दिव्यांशी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से किया गया।  

इस मौके पर छात्र-छात्राओं को डायरिया रोकथाम और प्रबंधन के बारे में विस्तार से बताया गया। क्विज और पोस्टर के जरिए डायरिया से बचाव के जरूरी संदेश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग से प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल सारस्वत ने कहा कि डायरिया की चपेट में कई कारणों से बच्चे आ सकते हैं, जैसे- दूषित जल पीने से, दूषित हाथों से भोजन बनाने या बच्चे को खाना खिलाने, खुले में शौच करने या बच्चों के मल का ठीक से निस्तारण न करने आदि से। इसलिए शौच और बच्चों का मल साफ़ करने के बाद, भोजन बनाने और खिलाने से पहले हाथों को साबुन-पानी से अच्छी तरह अवश्य धुलें। उन्होंने कहा कि टीकाकरण सारणी के अनुसार बच्चों को सारे टीके लगवाएं और रोटावायरस, विटामिन ए को लेना न भूलें। भोजन को ढककर रखें ताकि मक्खियाँ उस पर न बैठें। जिंक की खुराक को दस्त ठीक होने के बाद भी 14 दिनों तक जारी रखें। पीने के पानी को साफ़ रखें और पीने के पानी को निकालने के लिए डंडीदार लोटे का प्रयोग करें। छह माह से छोटे बच्चों को दस्त होने पर भी स्तनपान जारी रखना चाहिए। डायरिया के दौरान ओआरएस से शरीर में पानी की कमी को रोकें।

इस मौके पर प्रधानाचार्य राजकुमार व अन्य शिक्षकों के साथ आशा कार्यकर्ता माया और संजना, अरविन्द कुमार परामर्शदाता, जिला अस्पताल, पीएसआई इंडिया से सीनियर मैनेजर अनिल द्विवेदी, पंकज कुमार, आरती और सोनल आदि उपस्थित रहे।