देहरादून : ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून में विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में केंद्र और राज्य पोषित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने योजनाओं के प्रभावी व समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ग्राम्य विकास मंत्री ने विशेष रूप से महिला स्वयं सहायता समूहों के आजीविका संवर्धन पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सामुदायिक संस्थाओं को उद्यम विकास की दिशा में प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने उत्पादन, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन को आपस में जोड़कर ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। श्री जोशी ने अधिकारियों को महिला आय-सृजन कार्यक्रमों को तेजी से आगे बढ़ाने तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में 57 हजार स्वयं सहायता समूहों को रिवॉल्विंग फंड प्रदान किया जा चुका है और राज्य में 2 लाख 53 हजार महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं।