बाल विवाह मुक्त जागरूकता रथ यात्रा को उप मुख्यमंत्री ने किया रवाना



लखनऊ । 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत संवाद सामाजिक संस्थान, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन एलायंस (जेआरसी) और पेस संस्था के संयुक्त तत्वावधान में बाल विवाह को पूरी तरह से रोकने के लिए एक अनूठी पहल की गयी है। इसके तहत बुधवार को लखनऊ से बाल विवाह मुक्त जागरूकता रथ यात्रा को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने आवास से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई के प्रति लोगों में जागरूकता बहुत जरूरी है, यह रथ यात्रा इसमें पूरी तरह कारगर साबित होगी। दिल्ली से आये जेआरसी के राष्ट्रीय कन्वीनर रविकांत ने बताया कि यह 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है। इसमें जेआर सी के 400 सहयोगी संगठनों का सहयोग लिया जा रहा है। वर्ष 2030 तक देश को बाल विवाह मुक्त बनाने, बाल श्रम मुक्त और बाल तस्करी जैसे मुद्दों पर रोकथाम को लेकर यह अनूठी पहल की गयी है।

इस मौके पर पेस संस्था की सचिव रजविंदर कौर ने कहा कि उनकी संस्था ने इस 100 दिवसीय अभियान के दौरान जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर सीतापुर, हरदोई और शाहजहांपुर के लगभग 18 ब्लाक के 1000 से अधिक गाँवों तक पहुँच बनायी है। अब तक इस यात्रा के माध्यम से करीब दो लाख लोगों को जागरूक किया है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आठ मार्च को इसका समापन किया जाएगा। इसके माध्यम से धार्मिक स्थलों, स्कूल-कॉलेज, सरकारी कार्यालयों, पंचायतों, स्वास्थ्य केन्द्रों के साथ-साथ शादी में खास तौर पर शामिल होने वाले बैंड वालों, दर्जी, टेंट, सजावट करने वालों, गेस्ट हाउस और कैटरर्स को भी विशेष तौर पर जागरूक किया गया है, ताकि बाल विवाह को रोकने में वह मददगार साबित हो सकें।

कार्यक्रम में संवाद संस्था के निदेशक अतुल तिवारी, आलोक, पेस संस्था से देवरथ, अमरेश, सर्वेश, अवनीश, तथा स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि व ग्राम पंचायतों के प्रधान आदि शामिल रहे।