पोषण माह के तहत आंगनबाड़ी केन्द्रों पर योग शिविर आयोजित



लखनऊ -  जिले  के  आंगनबाड़ी केन्द्रों  पर पोषण माह के तहत विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जा रहीं हैं | पोषण माह (एक से 30 सितम्बर) के  हर सप्ताह की अलग-अलग थीम है | माह के दूसरे सप्ताह में योग थीम पर बच्चों , किशोरियों और गर्भवती को जहाँ  योग के महत्व के बारे में बताया गया  वहीँ विभिन्न योगासनों के द्वारा  लोगों  को स्वस्थ रखने के बारे में बताया गया | यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेन्द्र दुबे ने दी |

बक्शी का तालाब ब्लाक के पलका और बसहा आंगनबाड़ी केन्द्रों पर योग शिविर का आयोजन किया गया | बसहा आंगनबाड़ी केंद्र पर दीपा श्रीवास्तव और आंगनबाड़ी केंद्र पलका  पर शशि त्रिपाठी  वारा योग शिविर का आयोजन किया गया | इस दौरान योग शिक्षकों ने योग आसन कराये और उन आसनों का शरीर पर क्या प्रभाव पड़ता है के बारे में भी बताया  |

इस मौके पर बाल विकास परियोजना अधिकारी जय प्रताप सिंह ने बताया- कोरोना काल में योग का महत्वपूर्ण योगदान रहा है | शरीर की इम्युनिटी बढ़ाने और फेफड़ों को मजबूत करने में योग ने अहम् भूमिका अदा की है | कोरोना से ठीक होने के बाद भी योग के जरिये  लोगों की शारीरिक और मानसिक समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है |

सुपरवाइजर अमिता त्रिपाठी ने बताया-  योग से शरीर तो स्वस्थ रहता ही है, मन भी शांत रहता है और हम मानसिक रूप से मजबूत होते हैं | सभी आयु वर्ग के लोग इसका लाभ उठा सकते हैं | सुपरवाइजर ज्योति सिंह ने वर्तमान जीवन शैली में योग की सार्थकता पर चर्चा की |

शिक्षा विभाग के एआरपी अनुराग सिंह राठौर ने बताया-वर्तमान की भागदौड़ भरी  जिंदगी में योग की अहम् भूमिका है | योग को अपनाकर  कई  रोगों से छुटकारा पाया जा सकता है |
इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, बड़ी संख्या में महिलाएं, किशोरियाँ और बच्चे मौजूद रहे |