रूस ने अंतरिक्ष रॉकेट से हटाए यूक्रेन के दोस्तों के झंडे, भारतीय तिरंगा बरकरार



- रूस ने यूक्रेन का चेर्निव तेल डिपो उड़ाया, इरपिन को किया तबाह
- यूक्रेन का दावा, अब तक नौ हजार रूसी सैनिकों को मार डाला


नई दिल्ली (डेस्क) - यूक्रेन पर रूस के हमले के आठवें दिन तबाही का मंजर खौफनाक होता जा रहा है। यूक्रेन का चेर्निव तेल डिपो रूसी मिसाइलों ने उड़ा दिया है। एक शहर इरपिन पर हवाई हमले कर उसे तबाह कर दिया है। रूस ने अपने अंतरिक्ष रॉकेट से अमेरिका, ब्रिटेन और जापान के झंडे हटा दिए हैं। खास बात यह है कि इस रॉकेट पर लगा भारतीय तिरंगा बरकरार रखा गया है।

यूक्रेन पर हमले के दौरान अब रूस रिहायशी व प्रशासनिक इलाकों के साथ आर्थिक महत्व के प्रतिष्ठानों को भी निशाना बना रहा है। यूक्रेन के चेर्निव तेल डिपो पर रूसी मिसाइलों ने जोरदार हमला किया। इससे वहां लगी भीषण आग के कारण काला धुआं उठता देखा गया। इसी तरह यूक्रेन के एक अन्य शहर इरपिन की तबाही की जानकारी भी सामने आ रही है। रूसी मिसाइलों ने पूरे इरपिन में ताबड़तोड़ हमलों से शहर को हिला कर रख दिया। रिहायशी इलाकों में बहुमंजिली इमारतें ध्वस्त हो गयी हैं। प्रशासनिक दफ्तर मलबे में तब्दील हो गए हैं।

इस बीच यूक्रेन के साथ युद्ध और उसके बाद लगाए गए प्रतिबंधों के बीच रूस ने अपने अंतरिक्ष रॉकेट से अमेरिका, ब्रिटेन और जापान के झंडे हटा दिए हैं। खास बात यह है कि इस रॉकेट पर लगा भारतीय तिरंगा बरकरार रखा गया है। इसे भारत-रूस रिश्तों को देखते हुए महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। इस बीच यूक्रेन की सेना ने रूस को अब तक के युद्ध में खासे नुकसान का दावा किया है। दावा है कि रूस के नौ हजार सैनिकों को यूक्रेन की सेना ने मार डाला है। साथ में रूस 30 प्लेन, 374 कार, 217 टैंक के अलावा 900 आर्म्ड पर्सनल कैरियर्स को गंवा चुका है।