एक से 30 अप्रैल तक चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान



  • 10 से 30 अप्रैल तक चलेगा दस्तक अभियान
  • ई-पोर्टल पर अपलोड होगा चिन्हित मरीजों का विवरण
  • दस्तक अभियान के तहत आभा नंबर भी बनायेंगी स्वास्थ्य कार्यकर्ता   

लखनऊ - संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण और कार्रवाई के लिए सूबे में एक से 30 अप्रैल तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। इसी बीच 10 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर साफ-सफाई और स्वास्थ्य के प्रति सचेत करेंगी । इस संबंध में मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए हैं।

पत्र के अनुसार, विगत वर्षों में चलाए गए अभियान के समान ही यह अभियान विभिन्न विभागों के परस्पर सहयोग से चलेगा। दस्तक अभियान में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बुखार, इंफ़्लुएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई), फाइलेरिया, काला जार, कुष्ठ रोग के लक्षण वाले व्यक्तियों और कुपोषित बच्चों का नाम, पता, मोबाइल नंबर सहित सम्पूर्ण विवरण ई–कवच पोर्टल पर अपलोड करेंगी। इसके साथ ही क्षेत्रवार घरों की सूची जहां मच्छरों का प्रजनन पाया गया है, इसका विवरण निर्धारित प्रपत्र पर भरकर संबंधित अधिकारी को उपलब्ध कराएंगी। स्वास्थ्य कार्यकर्ता माइक्रोप्लान के अनुसार कार्यक्षेत्र में आने वाले परिवारों के सभी सदस्यों का आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट (आभा) सृजन भी अवश्य रूप से करेंगे और वह परिवार को आभा  नंबर से अवगत कराएंगे।

सचिव भारत सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश सहित देश के कई भागों में सामान्य से अधिक तापमान रहने की संभावना व्यक्त की गई है। ऐसी स्थिति में विभिन्न जनपदों में वेक्टरजनित और  जलजनित रोगों के आउटब्रेक्स अधिक होने की संभावना है। गर्मी के मौसम से संबंधित रोगों के बारे में विभिन्न विभागों के परस्पर समन्वय से प्राथमिकता के आधार पर भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर लोगों के लिए शुद्ध एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था किये जाने के निर्देश दिये गये हैं। गर्मी से बचाव के लिए शेल्टर्स की सुविधा, व्यस्त स्थानों पर मौसम के पूर्वानुमान तथा तापमान का डिस्प्ले करने को कहा गया है | हीट वेव से बचाव के लिए उपायों का विद्यालयों एवं जनमानस में व्यापक प्रचार प्रसार करने के निर्देश भी जारी किये गये हैं।

इन विभागों के पारस्परिक सहयोग से चलेगा अभियान : स्वास्थ्य विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, नगर विकास विभाग, पंचायती राज विकास विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, सिंचाई विभाग, पशुपालन विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, नमामि गंगे तथा ग्रामीण जलापूर्ति विभाग, वाणिज्य कर एवं मनोरंजन विभाग तथा सूचना जनसम्पर्क विभाग।