भारत-ऑस्ट्रेलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास "ऑस्ट्राहिंद 2025" का चौथा संस्करण पर्थ में होगा शुरू



नई दिल्ली(डेस्क) - भारत-ऑस्ट्रेलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास "ऑस्ट्राहिंद  2025" का चौथा संस्करण कल से ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में शुरू होगा। रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि एक सौ बीस सैनिकों वाली भारतीय सेना की एक टुकड़ी इस वार्षिक अभ्यास में भाग लेने के लिए कल रवाना हुई। इसका समापन इस महीने की 26 तारीख को होगा। भारतीय सेना की टुकड़ी का नेतृत्व गोरखा राइफल्स की एक बटालियन और अन्य सेनाओं के सैनिक कर रहे हैं।

मंत्रालय ने कहा कि इस अभ्यास का उद्देश्य सैन्य सहयोग को बढ़ाना तथा अंतर-संचालन क्षमता में सुधार करना है। साथ ही इसमें शामिल होने वाली सेनाओं को शहरी या अर्ध-शहरी इलाकों में उप-पारंपरिक युद्ध के क्षेत्र में रणनीति, तकनीकों और प्रक्रियाओं का आदान-प्रदान करने के लिए एक मंच प्रदान करना है।

यह अभ्यास खुले और अर्ध-रेगिस्तानी इलाकों में संयुक्त कंपनी-स्तरीय अभियानों पर केंद्रित होगा। यहां सैनिक संयुक्त योजना, सामरिक अभ्यास और विशेष हथियार कौशल जैसे विभिन्न मिशनों को अंजाम देंगे।