- सीएम योगी ने किया राम दरबार का स्वागत
अयोध्या - उत्तर प्रदेश ने आज अपने नौवें दीपोत्सव पर राम की पैड़ी सहित अयोध्या के 56 घाटों पर 26 लाख 17 हज़ार 215 दीए जलाकर गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। इस वर्ष एक और विश्व रिकॉर्ड बना, जिसमें दो हजार एक सौ 28 वेद आचार्यों ने सरयू नदी के तट पर महाआरती की और श्लोकों का पाठ किया गया ।
सीएम योगी ने किया राम दरबार का स्वागत : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद इस विशेष अवसर पर मौजूद रहे और आयोजन की शुरुआत भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की प्रतिमाओं का माल्यार्पण कर की।
इसके बाद फूलों से सजे भव्य पुष्पक विमान के माध्यम से प्रभु श्रीराम का नगर भ्रमण कराया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने श्रद्धा और भक्ति का अद्वितीय उदाहरण पेश करते हुए भगवान राम के रथ को रस्सियों से खींचा। राम कथा पार्क में उमड़े श्रद्धालुओं ने इस पावन दृश्य का साक्षात दर्शन किया।
मुख्यमंत्री योगी ने इस आयोजन के दौरान साधु-संतों से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, "ये दीप 500 वर्षों के अंधकार पर विजय के प्रतीक हैं।" इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य के कई मंत्री उपस्थित रहें।