प्रधानमंत्री मोदी कल वंदे मातरम् स्मरणोत्सव का करेंगे शुभारंभ



नई दिल्ली - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 9 बजकर 30 मिनट पर इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के वर्षभर चलने वाले स्मरणोत्सव का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे एक स्मारक डाक टिकट और सिक्का भी जारी करेंगे।

यह आयोजन 7 नवंबर 2025 से 7 नवंबर 2026 तक चलेगा। यह वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राष्ट्रव्यापी स्मरणोत्सव का औपचारिक शुभारंभ होगा। यह गीत भारत के स्वतंत्रता आंदोलन की प्रेरणा और राष्ट्रीय गौरव एवं एकता का प्रतीक रहा है। कार्यक्रम के तहत समाज के सभी वर्गों की भागीदारी के साथ, देशभर के सार्वजनिक स्थानों पर सुबह 9 बजकर 50 मिनट पर वंदे मातरम् के पूर्ण संस्करण का सामूहिक गायन किया जाएगा।

वंदे मातरम् गीत वर्ष 1875 में अक्षय नवमी के दिन बंकिमचंद्र चटर्जी ने रचा था। यह पहली बार साहित्यिक पत्रिका ‘बंगदर्शन’ में उनके उपन्यास ‘आनंदमठ’ के अंश के रूप में प्रकाशित हुआ था। मातृभूमि को शक्ति, समृद्धि और दिव्यता का प्रतीक बताते हुए इस गीत ने भारत की एकता और आत्मगौरव की भावना को कवित्वपूर्ण रूप दिया। 

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा कि “कल 7 नवंबर का दिन देशवासियों के लिए ऐतिहासिक होने जा रहा है। हम वंदेमातरम् गान के गौरवशाली 150 वर्षों का उत्सव मनाने जा रहे हैं। यह वो प्रेरक आह्वान है, जिसने देश की कई पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत किया है। इस विशेष अवसर पर सुबह करीब 9:30 बजे दिल्ली में एक समारोह में शामिल होने का सौभाग्य मिलेगा। यहां एक स्मारक डाक टिकट और सिक्का भी जारी किया जाएगा। वंदेमातरम् का सामूहिक गायन इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होगा!”