दिल्ली: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने किया विश्व पुस्तक मेले का उद्घाटन



नई दिल्ली - भारत मंडपम में आज केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विश्व पुस्तक मेले का उद्घाटन किया। 18 जनवरी तक चलने वाले इस पुस्तक मेले की थीम भारतीय सैन्य इतिहास-शौर्य और विवेक @75 रखी गई है। इस बार मेले में कतर को जहां गेस्ट ऑफ ऑनर देश का दर्जा दिया गया है तो वहीं स्पेन फोकस कंट्र्री के रूप में हिस्सा ले रहा है। 

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि इस बार भारतीय सैन्य इतिहास शौर्य और विवेक@75 थीम रखी गई है। उन्होंने बताया कि पुस्तकें समाज को दिशा देती हैं और ज्ञान केवल पढ़ाया नहीं जाता, बल्कि आत्मसात किया जाता है।

18 जनवरी तक चलने वाले पुस्तक मेले में 35 से ज्यादा देशों के एक हजार से ज्यादा प्रकाशक हिस्सा ले रहे हैं और करीब 3 हजार से ज्यादा बुक स्टॉल लगाए गए। पुस्तक मेला शुरू होने से प्रकाशक वर्ग काफी उत्साहित है। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन की ओर से आयोजित ये पुस्तक मेला 18 जनवरी तक चलेगा। थीम के अनुसार मेला आजादी के 75 साल में भारतीय सशस्त्र सेनाओं, थल सेना, नौसेना और वायुसेना के अदम्य साहस, बलिदान और राष्ट्र निर्माण में योगदान को समर्पित है।