डॉ. सुधीर प्रकाश को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग का सदस्य बनाए जाने पर हुआ स्वागत



  • आत्म अनुशासन व संकल्प से बड़ा लक्ष्य संभव :  कुलपति

अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन सभागार में कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय के शिक्षक डॉ. सुधीर प्रकाश को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सदस्य बनाए जाने पर शिक्षकों द्वारा अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह उद्बोधन में कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि यदि व्यक्ति स्वयं में अनुशासित एवं संकल्पित हो तो बड़ा से बड़ा लक्ष्य प्राप्त कर सकता है, और सामान्य से विशेष की ओर उसका मार्ग प्रशस्त होता है। जीवन में बड़े लक्ष्य प्राप्त करने के लिए समय प्रबंधन भी महत्वपूर्ण है। व्यक्ति की सकारात्मक सोच और कर्तव्य उसे बड़ा बनाते हैं। डॉ. सुधीर प्रकाश ने विश्वविद्यालय में एक संकल्पशील शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं। आज उन्हें एक बड़े कर्तव्य के लिए चुना गया है। इसके लिए विश्वविद्यालय परिवार की ओर से हम उन्हें बधाई देते हैं। राष्ट्र निर्माण के साथ चरित्र निर्माण की भी आवश्यकता है। राष्ट्र निर्माण के प्रति सभी समर्पित होकर कार्य करें तो कुछ भी असंभव नहीं है। डॉ. सुधीर प्रकाश विश्वविद्यालय के ब्रांड एंबेसडर हैं। कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय के लिए यह गौरव का पल है। डॉ. सुधीर प्रकाश के चयन के लिए  कमेटी सहित सरकार का बहुत-बहुत आभार जिन्होंने इस विश्वविद्यालय से एक सम्मानित शिक्षक का चयन कर सेवा का अवसर प्रदान किया है। 

डॉ. सुधीर प्रकाश ने अभिनन्दन समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में 25 वर्षों की सेवा में लगभग 12 हजार छात्रों का मार्गदर्शन करने का अवसर मिला है।  उन्होंने कहा कि मनुष्य को मनुष्यता उसका लक्ष्य सिखाती है। प्रभु श्री राम जी की कृपा से संवैधानिक पद दायित्व का निर्वहन करने का अवसर मिला है उसे मैं पूर्ण मनोयोग के साथ निभाऊंगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों में बड़ी प्रतिभा है। सभी शिक्षक विश्वविद्यालय में प्रगति के लिए निरंतर प्रयत्नशील रहे। कुलपति, कुलसचिव एवं वित्त अधिकारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों ने डॉ. सुधीर प्रकाश को पुष्प गुच्छ भेंट कर माल्यार्पण कर स्वागत किया। अभिनंदन समारोह का संचालन डॉ. राजेश कुमार सिंह ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ.मनीष कुमार सिंह ने किया।  अभिनंदन समारोह में वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल, प्रो विनोद कुमार श्रीवास्तव, प्रो सिद्धार्थ शुक्ल, प्रो शैलेंद्र कुमार, प्रो. सुरेन्द्र मिश्र, डॉ. विनोद कुमार चौधरी, डॉ. दिवाकर त्रिपाठी, डॉ. महिमा चौरसिया, डॉ. वंदिता पांडेय,  डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव, डॉ. राजेश कुमार सिंह, इं.परितोष त्रिपाठी, इं.विनीत सिंह, इं.रमेश मिश्र, डॉ. नवीन पटेल, इं.रवि प्रकाश पाण्डेय, सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों ने स्वागत किया।