लखनऊ। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग अयोध्या में इस वर्ष 19 अक्टूबर को आयोजित होने वाले दीपोत्सव-2025 की तैयारियों में जुटा है। इस बार पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए प्रदूषणमुक्त ग्रीन आतिशबाजी शो का आयोजन किया जाएगा। 14 वर्षों के वनवास के उपरांत प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन की खुशी में सरयू नदी का आकाश रंग-बिरंगी रोशनी और आतिशबाजी से जगमगाएगा।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दीपोत्सव के अवसर पर पूरे शहर को भव्य रूप से सजाया जाएगा। सरयू घाटों पर 26 लाख से अधिक मिट्टी के दीप प्रज्वलित होंगे और नदी तट विशेष सजावट के साथ आकर्षक बनाया जाएगा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ पूरा शहर झिलमिलाती रोशनियों से आलोकित होगा।
मुख्य आकर्षण होगा कोरियोग्राफ्ड ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो, जिसे पूरी तरह संगीत और आधुनिक तकनीकों के संयोजन के साथ प्रस्तुत किया जाएगा।इस 10 मिनट के कंप्यूटराइज्ड आतिशबाजी शो की औसत ऊंचाई कम से कम 200 मीटर होगी और इसे कई किलोमीटर दूर से भी देखा जा सकेगा। शो का डिजाइन अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों जैसे रियो डी जेनेरियो, फ्रांस के बैस्टिल डे और ब्रिटेन की गाई फॉक्स नाइट की तर्ज पर तैयार किया गया है। इसमें रंग-बिरंगे और विविध प्रकार के आतिशबाजी नजारे प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे अयोध्या के आसमान में निरंतर आकर्षक दृश्य दिखाई देंगे।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव-2025 का आयोजन भव्यता, सांस्कृतिक धरोहर और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ किया जाएगा। राम की पैड़ी पर नया कीर्तिमान स्थापित होगा और 26 लाख से अधिक दीपों की रोशनी और ग्रीन आतिशबाजी से अयोध्या नगरी पूरी तरह प्रकाशमान होगी।
प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार मेश्राम ने कहा कि दीपोत्सव-2025 अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर का अद्वितीय प्रदर्शन होगा। यह उत्सव पिछले वर्षों की तुलना में और अधिक भव्य एवं आकर्षक होगा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन एवं संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।