छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, 31 नक्सली मारे गए



रायपुर - सुरक्षाबलों ने नक्सलवाद के खिलाफ अब तक के सबसे बड़े ऑपरेशन में छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर स्थित कुर्रेगुट्टालू पहाड़ (KGH) पर 31 कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया। इस ऑपरेशन में 21 दिनों में 16 महिला नक्सलियों समेत 31 नक्सलियों के शव और 35 हथियार बरामद किए गए हैं।
 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर कहा कि, जिस कुर्रेगुट्टालू पहाड़ पर कभी नक्सलियों का दबदबा था, वहां आज तिरंगा लहरा रहा है। उन्होंने इस ऑपरेशन में सुरक्षाबलों के साहस और शौर्य की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद से मुक्त होगा।

इस अभियान में CRPF, STF और DRG के जवानों ने दुर्गम पहाड़ी इलाकों और खराब मौसम के बावजूद शानदार कार्य किया। अभियान में 214 नक्सली ठिकानों और बंकरों को नष्ट किया गया और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार तथा राशन सामग्री बरामद की गई। इस ऑपरेशन के दौरान 450 IED, 818 BGL शेल, 899 बंडल कॉडेक्स और डेटोनेटर बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 12,000 किलो राशन भी मिला है। अभियान में 18 जवान घायल हुए हैं, लेकिन वे अब खतरे से बाहर हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने इसे केंद्र और राज्य सरकार की एकजुटता और समन्वित प्रयासों की सफलता बताया। उन्होंने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ इस अभियान ने उनके सशस्त्र नेटवर्क को कमजोर किया और उनके प्रभाव क्षेत्र में भारी कमी आई है।
 
नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए अभियानों में अब तक 197 हार्डकोर नक्सलियों को नष्ट किया गया है और 718 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। पिछले कुछ वर्षों में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षाबलों की पकड़ मजबूत हुई है और नक्सलियों के कई संगठनों को तोड़ा गया है।
 
यह अभियान मोदी सरकार के 'होल ऑफ गवर्नमेंट' दृष्टिकोण का एक बेहतरीन उदाहरण है, जो नक्सलवाद के खिलाफ जारी संघर्ष को और तेज करेगा।