लखनऊ। देश की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लखनऊ आगमन पर शुक्रवार को चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा औपचारिक स्वागत और सम्मान के ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बना। राष्ट्रपति का स्वागत करने के लिए प्रदेश और नगर के शीर्ष जनप्रतिनिधि तथा वरिष्ठ अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल ने लखनऊ की गरिमामयी परंपरा के अनुरूप राष्ट्रपति को नगर की चाभी भेंट कर उनका औपचारिक स्वागत किया। नगर की चाभी सौंपना लखनऊ की ओर से प्रदान किया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान माना जाता है। इस सम्मान को स्वीकार करते हुए राष्ट्रपति ने लखनऊवासियों के प्रति अपना स्नेह और शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से राष्ट्रपति का स्वागत किया और उनके आगमन को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।राष्ट्रपति का यह दौरा लखनऊ के लिए विशेष महत्व रखता है। यह न केवल शहर की पहचान और सम्मान को सुदृढ़ करता है, बल्कि प्रदेश की विकास यात्रा, सुशासन और प्रगति के प्रयासों को भी नई ऊर्जा प्रदान करता है।