राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गोरखपुर में आयुष विश्वविद्यालय का उद्घाटन किया, आयुर्वेद और योग को बताया भारत की शक्ति



गोरखपुर(ब्यूरो) - राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गोरखपुर में महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय के लोकार्पण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षेत्र ऋषियों की भूमि है और यहां के निवासी सौभाग्यशाली हैं।

उन्होंने गुरु गोरखनाथ को आदि शंकराचार्य के बाद भारत का महानतम महापुरुष बताया। राष्ट्रपति ने गीता प्रेस की गौरवशाली भूमिका और गोरखपुर की तेज़ प्रगति की सराहना की। उन्होंने योग, आयुर्वेद, होम्योपैथी जैसे पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों की महत्ता बताई और कहा कि डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ को सेवा भावना से कार्य करना होगा। उन्होंने स्वस्थ भारत के निर्माण में आयुष पद्धति को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सूर्यप्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, संजय निषाद, दयाशंकर दयालु व सांसद रवि किशन भी उपस्थित रहे।

इस दौरान राष्ट्रपति ने भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को स्वास्थ्य से जोड़ते हुए आयुष को अपनाने का आह्वान किया।

पूर्वांचल को नई पहचान देगा आयुष विश्वविद्यालय : गोरखपुर में महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह दिन पूरे पूर्वांचल के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति को गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय पूर्वांचल को नई पहचान देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों जैसे आयुर्वेद, योग, होम्योपैथी और यूनानी की शिक्षा एवं अनुसंधान के लिए यह विश्वविद्यालय मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने बताया कि अब तक इस विश्वविद्यालय से 98 विश्वविद्यालय और विद्यालय संबद्ध हो चुके हैं, जिससे पूर्वांचल के युवाओं और किसानों को नए अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के कारण यह संभव हो सका है कि पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों की ओर नई पीढ़ी आकर्षित हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि चिकित्सा टूरिज्म के क्षेत्र में यह विश्वविद्यालय राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोगों को आकर्षित करेगा। उन्होंने घोषणा की कि हर जनपद में आयुष विश्वविद्यालय या इससे संबंधित संस्थान स्थापित किए जाएंगे। जिससे प्रदेश में रोजगार और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों में मजबूती आएगी।