नई दिल्ली(डेस्क) - देवभूमि हिमाचल के सबसे बड़े जिले कांगड़ा की पर्यटन इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए ‘विजिट धर्मशाला’ नाम से एक विशेष डिजिटल पोर्टल लॉन्च किया गया। इस पहल की शुरुआत बौद्ध धर्मगुरु दलाईलामा ने की। यह पोर्टल पर्यटन विभाग और होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के संयुक्त प्रयास से तैयार किया गया है।
इस पोर्टल के माध्यम से अब धर्मशाला, मकलोड़गंज और कांगड़ा की पर्यटन पहचान डिजिटल दुनिया में भी चमकेगी। उम्मीद है कि इससे क्षेत्र की पर्यटन अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और कांगड़ा की पहचान वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत होगी।
एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष अश्वनी बांबा ने कहा — “कांगड़ा में तिब्बती और हिंदू संस्कृति, धौलाधार की बर्फ, डल झील, पौंग डैम और कांगड़ा आर्ट जैसी अपार संभावनाएं हैं। इन सबको एक प्लेटफॉर्म पर लाने के लिए ‘विजिट धर्मशाला’ पोर्टल तैयार किया गया है, जहां पर्यटक यात्रा से पहले हर जरूरी जानकारी पा सकेंगे।”
जिला पर्यटन अधिकारी कांगड़ा विनय धीमान ने कहा कि यह पहल सराहनीय है। “सरकार ने कांगड़ा को प्रदेश की पर्यटन राजधानी घोषित किया है और यहां वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने की दिशा में कार्य चल रहा है। यह पोर्टल उस दिशा में एक बड़ा कदम है।”