नई दिल्ली : सरकारी ई-मार्केटप्लेस यानि GeM पोर्टल पर शुरू की गई SWAYATT योजना ने 7 साल पूरे कर लिए हैं। इस पहल ने सरकारी खरीद प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी और समावेशी बनाया है। आंकड़ों के मुताबिक अब तक 37 हजार से ज्यादा स्टार्टअप GeM से जुड़े हैं। इसके अलावा 11 लाख से अधिक उद्यम-पंजीकृत सूक्ष्म और लघु उद्योग (MSEs) और 2 लाख से ज्यादा महिला उद्यमी GeM प्लेटफॉर्म पर सक्रिय हैं।
ऑर्डर वैल्यू की बात करें तो MSEs को करीब 7 लाख 90 हजार 688 करोड़ रुपये से अधिक के ऑर्डर मिले हैं। महिला उद्यमियों को 83 हजार 323 करोड़ रुपये और स्टार्टअप्स को 54 हजार 5 करोड़ रुपये से ज्यादा के ऑर्डर मिले हैं। 'स्टार्टअप रनवे' और 'वोमेनिया' जैसे कार्यक्रमों के जरिए सरकार युवाओं और महिलाओं को खास मौका दे रही है। SWAYATT योजना विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही है।