राजनाथ सिंह ने युद्धाभ्यास 'मिलन 2026' का किया उद्घाटन



नई दिल्ली : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विशाखापट्टनम में नौसैनिक युद्धाभ्यास 'मिलन 2026' के 13वें संस्करण का उद्घाटन किया। 25 फरवरी तक चलने वाले इस 7 दिवसीय अभ्यास में 70 से ज्यादा देशों की नौसेनाएं भाग ले रही हैं, जिससे आपसी सहयोग, समन्वय और समुद्री सुरक्षा को सुदृढ़ करने का अवसर मिलेगा। इस भव्य समुद्री आयोजन के माध्यम से भारत एक विश्वसनीय और भरोसेमंद साझेदार के रूप में अपनी भूमिका को दोहराएगा, जो क्षेत्रीय और वैश्विक समुद्री सुरक्षा में सकारात्मक योगदान दे रहा है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि मिलन 2026 का उद्देश्य भागीदार देशों की नौसेनाओं के बीच पारस्परिक संचालन क्षमता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि इस अभ्यास के माध्यम से पेशेवर अनुभवों और श्रेष्ठ प्रथाओं के आदान-प्रदान से दक्षता बढ़ाई जाएगी। साथ ही, सहभागी नौसेनाओं के बीच पारस्परिक लाभ और गहरी मित्रता के संबंध विकसित किए जाएंगे।

समुद्री सुरक्षा के लिए पारस्परिक सहयोग पर ज़ोर देते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि समग्र समुद्री सुरक्षा और पारस्परिक समृद्धि एक-दूसरे से जुड़ी हैं, जिन्हें समान विचारधारा वाले देशों के बीच सहयोग, विश्वास और साझा संकल्प से ही सुनिश्चित किया जा सकता है।