72 घंटे में 5 करोड़ की लूट का खुलासा, मिर्जापुर पुलिस की बड़ी कामयाबी



मिर्ज़ापुर/लखनऊ(डेस्क) - छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जनपद के सरकंडा थाना क्षेत्र में 17 फरवरी को दिनदहाड़े ज्वेलरी की दुकान पर हुए करीब 5 करोड़ रुपये के लूट कांड का मिर्जापुर पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मिर्जापुर की एसओजी, सर्विलांस टीम, थाना अहरौरा और अदलहाट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार लुटेरों को गिरफ्तार किया गया। 

पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 3.30 किलोग्राम पीली धातु के जेवर, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है, तथा 1,46,000 रुपये नगद बरामद किए। अपर्णा रजत कौशिक, पुलिस अधीक्षक, मिर्जापुर ने प्रेस वार्ता में बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस से प्राप्त इनपुट के आधार पर टीम गठित की गई थी। मुठभेड़ के बाद दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य को पहले ही पकड़ लिया गया था। मामले में आरोपियों के अन्य राज्यों से संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है। इस पूरे खुलासे में महिला पुलिस अधिकारियों की अहम भूमिका रही।