लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार 4 से 6 जुलाई तक अवध शिल्पग्राम, लखनऊ में आम महोत्सव-2025 का भव्य आयोजन कर रही है। इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के आम उत्पादकों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ना और आम की विविध प्रजातियों को आमजन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि यह उत्सव प्रदेश की बागवानी क्षमताओं को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
महोत्सव का शुभारंभ 4 जुलाई को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री प्रदेश में उत्पादित आमों को लंदन, दुबई जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए रवाना करेंगे, स्मारिका का विमोचन करेंगे और प्रगतिशील आम उत्पादकों को सम्मानित करेंगे। उद्घाटन सत्र में उनका मार्गदर्शी भाषण भी होगा।तीन दिवसीय इस महोत्सव में आम की लगभग 800 किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे आगंतुकों को प्रदेश की बागवानी विविधता की झलक मिलेगी। महोत्सव के पहले दिन दोपहर 12 बजे क्रेता-विक्रेता सम्मेलन और तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आम की तुड़ाई, भंडारण, विपणन और निर्यात से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की जाएंगी। शाम 6 बजे सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अपर मुख्य सचिव बी.एल. मीणा दीप प्रज्वलन करेंगे और लोकगायक पवन सिंह की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहेगी।5 जुलाई को सुबह 10 बजे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तकनीकी सत्र का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान आम उत्पादन तकनीक, पोषण प्रबंधन, कीट-व्याधि नियंत्रण और संरक्षित खेती जैसे विषयों पर वैज्ञानिकों और किसानों के बीच संवाद होगा। दोपहर 2 बजे बच्चों के लिए आम खाने की प्रतियोगिता रखी गई है। शाम 6 बजे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन करेंगे और इस अवसर पर लोकप्रिय कवि डॉ. कुमार विश्वास अपनी प्रस्तुति देंगे।
महोत्सव के अंतिम दिन 6 जुलाई को सुबह 11 बजे आम प्रसंस्करण, विभागीय योजनाओं और वैज्ञानिकों व उत्पादकों के बीच परिचर्चा आयोजित की जाएगी। समापन समारोह दोपहर 3 बजे होगा, जिसमें मंत्री दिनेश प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान करेंगे।
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने किसानों, उद्यमियों, आम बागवानों, छात्रों और नागरिकों से महोत्सव में भाग लेकर इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव उत्तर प्रदेश के आमों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।