लखनऊ(डेस्क) - राजधानी के व्यापारियों एवं नागरिकों को मिक्स लैंड यूज योजना एवं ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट योजना का लाभ प्राप्त करने एवं विस्तृत जानकारी देने हेतु उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल की मांग एवं पहल पर आवास आयुक्त बलकार सिंह के निर्देश पर मुंशी पुलिया स्थित आवास विकास परिषद के ट्रेनिंग सेंटर में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का शुक्रवार को आयोजन हुआ। जिसमें उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद के मुख्य वास्तुविद संजीव कश्यप ,ट्रेनिंग केंद्र के निदेशक अजय कुमार मित्तल ,वास्तुविद नियोजक श्रीमती ज्योति कटियार ने व्यापारियों को दोनों योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा प्रेजेंटेशन के माध्यम से व्यापारियों की विभिन्न जिज्ञासों का समाधान किया तथा नई भवन उपविधि एवं मॉडल भवन निर्माण एवं विकास उपविधि तथा मॉडल जोनिंग रेगुलेशन 2025 के क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों के निस्तारण हेतु एवं व्यापारियों की जिज्ञासाओं के उत्तर दिये। कार्यशाला में उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे।
मुख्य वास्तुविद नियोजक संजीव कश्यप ने व्यापारियों को जानकारी देते हुए बताया मिक्स लैंड यूज योजना के अंतर्गत 24 मीटर तक की सड़क पर तथा ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट योजना में 12 मीटर तक की सड़क पर तथा पूर्ण व्यावसायिक गतिविधियों हेतु जोनिंग के अनुसार निर्माण अनुमन्य है। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया 4 प्लाट भी आपस में जोड़कर आवासीय एवं कामर्शियल गतिविधियां की जा सकती हैं किंतु इसके लिए आवास विकास परिषद से पहले अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य है तत्पश्चात ही नक्शा जमा एवं स्वीकृत होगा।
वर्तमान में बनीं हुई कमर्शियल बिल्डिंग में पार्किंग की व्यवस्था करने पर नियमित किया जा सकता है तथा पार्किंग ग्राउंड फ्लोर, मैकेनिकल पार्किंग, बेसमेंट मे नियमानुसार प्राविधान करेंगे तो शुल्क जमा कर परिषद से अनुमति प्राप्त कर भवन को नियमित किया जा सकता है। अधिकारियों ने बताया उपविधि 2025 में व्यवसायिक गतिविधियों हेतु भूखण्ड में 100 मीटर से 300 मीटर के प्लाट पर आगे की ओर 03 मीटर एवं 300 मीटर से 1000 मीटर तक के प्लाट पर चारों तरफ सेट बैक का प्राविधान नियमानुसार किया जाना होगा। अधिकारियों ने बताया नए नियमों के अंतर्गत 300 मीटर तक के भूखंडों पर साइड सेट बैक की आवश्यकता समाप्त कर दी गई है अब 300 मीटर तक के प्लाट पर प्रत्येक 100 मीटर के निर्माण पर एक कार पार्किंग की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाना होगा।
कार्यशाला में उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने सभी व्यापारियों से अपील करते हुए कहा भवन बनाते समय पार्किंग की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करें ताकि अगली पीढ़ी को हम कुछ सकारात्मक देकर जाएं। प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल का यह प्रयास है कि सभी व्यापारी अधिक से अधिक इन योजनाओं का लाभ उठाते हुए अपना व्यापार भी सुचारू रूप से चला सके तथा लखनऊ को सुंदर एवं सुचारू व्यवस्था मिले तथा शहर का भी विकास हो तथा उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने में व्यापारियों की भूमिका मजबूत हो सके।
कार्यशाला में उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद के एसई प्रमोद कुमार ,एसई प्रदीप कुमार, एसई समर उपाध्याय एफई एखलाक, नागेंद्र, अभिषेक तिवारी, उमानाथ शुक्ला ,शशांक ,सुमित कुमार मौजूद रहे तथा उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, ट्रांस गोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम, लखनऊ नगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमिताभ श्रीवास्तव ,प्रदीप सचदेवा, निखिल विशनानी, विक्की देहलियानी, सचिन अग्रवाल, रोशन जसवानी, भीमेश अटवानी, अंकुर लखमनी, कपिल सावलानी, वैभव मध्यान, पुष्कर जायसवाल, संजय सोनकर सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।