बिलासपुर(छत्तीसगढ़) - बिलासपुर रेंज के थानों में अब जनता सीधे पुलिसिंग पर अपने अनुभव और फीडबैक दे सकेगी। बुधवार को पुलिस महानिरीक्षक (IGP) रामगोपाल गर्ग ने ‘अनुभव’ – क्यूआर कोड आधारित फीडबैक सिस्टम का शुभारंभ किया। इस नई व्यवस्था के तहत रेंज के सभी 8 जिलों के थानों में आने वाले फरियादी थाने में लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर पुलिस के व्यवहार और कार्यवाही पर अपना फीडबैक सीधे आईजीपी को दे सकेंगे। लॉन्चिंग के अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि यदि पुलिस अच्छा कार्य करती है तो उसे साझा करें और यदि किसी क्षेत्र में कमी हो तो निर्भय होकर बताएं। इस सिस्टम में शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखने का विकल्प भी उपलब्ध है। उनका कहना था कि इससे थानों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा।
कार्यक्रम में संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशिमोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल और पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि यह पहल पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने में सहायक होगी।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ क्यूआर कोड का रिबन काटकर किया गया। इसके साथ ही एक वीडियो प्रेजेंटेशन में ‘अनुभव’ के उपयोग और महत्व के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि और प्रिंट एवं सोशल मीडिया के प्रमुख प्रबुद्धजन उपस्थित थे। आज से ही यह व्यवस्था रेंज के सभी जिलों के सभी थानों में लागू कर दी गई है। आईजीपी रामगोपाल गर्ग ने आम जनों से अपील की है कि वे इसका सदुपयोग करें और अपने सही, वास्तविक तथा महत्वपूर्ण फीडबैक देकर व्यवस्था में सुधार में सहभागी बनें।